प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा पश्चिम बंगाल की जनता को पत्र, विकास के सफर में साथ देने की अपील
narendramodi,westbengalप्रधानमंत्री मोदी ने लिखा पश्चिम बंगाल की जनता को पत्र, विकास के सफर में साथ देने की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता को पत्र लिखकर उनसे विकास के सफर में साथ देने की अपील की है। बंगाली और हिंदी में लिखे इस पत्र में प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से अपील की है और राज्य के लिए भाजपा के विकास संबंधी दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि कुछ ही महीने बचे हैं, फिर पश्चिम बंगाल का भविष्य तय हो जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य किस राह पर चलेगा, यह राज्य की जनता के सुविचारित निर्णय पर निर्भर करता है।
श्री मोदी ने पत्र में कहा है कि आजादी के बाद पश्चिम बंगाल देश के आर्थिक क्षेत्र और औद्योगीकरण में अग्रणी था, लेकिन आज वहां की दयनीय स्थिति देखकर उनका दिल दुखता है। उन्होंने कहा कि पिछले छह दशकों के कुप्रबंधन और तुष्टीकरण की राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल को जो अपूरणीय क्षति हुई है, उसका वर्णन करना असंभव है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर रोजगार की कमी के कारण युवा दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की माताएं और बहनें सुरक्षा की कमी से चिंतित और भयभीत हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंदो जैसे समकालीनों के सपनों का राज्य पश्चिम बंगाल, आज संकीर्ण वोट बैंक की राजनीति, हिंसा और अराजकता से ग्रस्त है। यह स्थिति उनके और राज्य की पूरी जनता के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की पवित्र भूमि अवैध घुसपैठ और महिलाओं के खिलाफ हिंसा से कलंकित हो रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी मतदाता कवि रवींद्रनाथ टैगोर के स्वर्णिम बंगाल पर हावी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश पश्चिम बंगाल के, अराजकता के अंधकार में डूबने को लेकर चिंतित है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के घोर असहयोग और शत्रुतापूर्ण रवैये के बावजूद, आज पश्चिम बंगाल में करोड़ों लोग जन धन योजना के अंतर्गत बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत राज्य में 85 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है।
श्री मोदी ने कहा कि जब राज्य में सत्ताधारी दल गरीबों की खाद्य आपूर्ति छीन रहा है, तब केंद्र ने छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को 2 लाख 82 हजार करोड़ रुपये के ऋण देकर मदद का हाथ बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि आज वे अटल पेंशन योजना के माध्यम से 56 लाख वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था में आत्मनिर्भर बनाने, उज्ज्वला योजना के माध्यम से एक करोड़ से अधिक परिवारों को खाना पकाने के गैस कनेक्शन प्रदान करने और माताओं तथा बहनों को धुएं से बचाने के लिए आभारी हैं।
श्री मोदी ने कहा कि वे कृषक सम्मान निधि योजना के तहत प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान करके पश्चिम बंगाल के 52 लाख से अधिक किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाने में सक्षम होने के लिए खुद को भाग्यशाली मानते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत माता के वीर सपूत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अथक प्रयासों के कारण पश्चिम बंगाल देश का अभिन्न अंग है।
====================================================Courtesy=======================================
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा पश्चिम बंगाल की जनता को पत्र, विकास के सफर में साथ देने की अपील
narendramodi,westbengal
