• Thu. Apr 25th, 2024

सांवेर विधानसभा क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में रखा जाएगा आगे – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सिविल अस्पताल का हुआ लोकार्पण

सांवेर विधानसभा क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में रखा जाएगा आगे – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
सिविल अस्पताल का हुआ लोकार्पण
madhyapradeshnews

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इंदौर के सांवेर में 5 करोड़ 50 लाख रूपये लागत से निर्मित सिविल अस्पताल का लोकार्पण किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, आईडीए के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक और जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि सांवेर को विकास के हर क्षेत्र में आगे रखा जाएगा। आज सांवेर में विकास का नया सूर्योदय हो रहा है। विकास के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए जनता को सभी सुविधाएँ मिलेंगी। श्री सिंधिया ने कहा कि विश्व सिरमौर भारत को बनाने का सपना संजोते हुए अमर शहीदों ने जो बलिदान दिया था, उनकी सोच और परिकल्पना को चरितार्थ करने के लिए हम सब साथ खड़े हैं। आज विकास की नई गाथाएँ लिखी जा रही है। सड़कों का जाल पूरे प्रदेश में बिछा हुआ है। सिंचाई के लिए पानी और बिजली लगातार उपलब्ध हो रही है। श्री सिंधिया ने कहा कि सांवेर को मिली सिविल अस्पताल की सौगात से सबको लाभ मिलेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास से युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। विकास को नई रफ्तार मिल रही है। गति लगातार बढ़ रही है, आने वाले समय में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत तीसरे नंबर की अर्थ-व्यवस्था बन जायेगी। तीन हजार करोड़ रूपये की सिंचाई परियोजना मंजूर की गई है। सांवेर और मालवा की फसल अंतरराष्ट्रीय स्तर की होती है। इसकी डिमांड हर जगह है। इसके लिए यह सिंचाई परियोजना वरदान साबित होंगी। जो वादा किया था, उसको पूरा करने के लिए सबके साथ आगे बढ़ रहे हैं।

जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि सांवेर को आज 50 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में बड़ी सौगात मिली है। यहाँ इंदौर जैसी सुविधा मिलेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी, उस घोषणा को पूरा करने के लिए आज श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आए है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा की शिक्षा के क्षेत्र में भी हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सांवेर के महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई भी शुरू हो गयी है। सांवेर में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। सांवेर में 100 से अधिक सड़कों का उन्नयन और नव-निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सांवेर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा लगातार बढ़ रही है। नर्मदा का जल गाँवों तक पहुँचाने की व्यवस्था की गयी है। श्री सिलावट ने बताया की सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 149 करोड़ रूपये की लागत से 200 से अधिक गाँवों में जल जीवन मिशन से घर-घर पानी उपलब्ध कराया जा रहा हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्वास्य्थ सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है। एक हजार से अधिक स्वास्थ्य संस्थाओं का उन्नयन किया गया है। क्षेत्रीय सांसद श्री लालवानी ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया के कुशल मार्गदर्शन में देश में हवाई-सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि आज ही इंदौर हवाई-अड्डे में घूँघट लिये महिलाओं को तीर्थ-यात्रा के लिये जाते देखा। यह एक सुखद बदलाव है।
=============================================
सांवेर विधानसभा क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में रखा जाएगा आगे – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
सिविल अस्पताल का हुआ लोकार्पण
madhyapradeshnews

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.