• Mon. Oct 26th, 2026

प्रधानमंत्री मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई

प्रधानमंत्री मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई
narendramodi,belgiumprimeministerप्रधानमंत्री मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई
भारत और बेल्जियम ने आज व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वीवर के बीच वार्ता के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार में विभिन्न क्षेत्रों की बढ़ती भागीदारी का स्वागत किया। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। दोनों देशों ने फार्मास्यूटिकल्स, जीव-विज्ञान, सेमीकंडक्टर, रक्षा विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिज, नवीकरणीय ऊर्जा, बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स, अंतरिक्ष और उन्नत प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं पहचानी हैं।

दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता सफलतापूर्वक पूरी होने का स्वागत किया और इसे समय पर लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ निवेश संरक्षण समझौते और भौगोलिक संकेतक समझौते पर वार्ता जल्द पूरी करने की भी अपील की।
बेल्जियम ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की और पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग मजबूत करने और आतंकवाद निरोधक संयुक्त कार्य समूह के गठन की संभावनाएं तलाशने पर सहमति जताई।
दोनों देशों ने रक्षा सहयोग मजबूत करने के लिए आशय पत्र पर भी हस्ताक्षर किए। इसके अंतर्गत नियमित आदान-प्रदान, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रक्षा उद्योग में साझेदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और साइबर अपराध से निपटने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और बेल्जियम की संघीय पुलिस के बीच समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।

दोनों नेताओं ने भारत-बेल्जियम रणनीतिक संवाद शुरू किए जाने का स्वागत किया। उन्‍होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत पर भी बल दिया। बेल्जियम ने सुधारित और विस्तारित सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की उम्मीदवारी के लिए अपना समर्थन दोहराया।

भारत और बेल्जियम ने हरित हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और अपतटीय पवन ऊर्जा सहित नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, स्टार्टअप और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने का भी समर्थन किया।

दोनों देशों ने वीजा प्रक्रिया की क्षमता बढ़ाकर संपर्क और लोगों के बीच संबंध मजबूत करने और सीधी हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाएं तलाशने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रमुख बेल्जियम विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।

दोनों नेताओं ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति सहित अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और संघर्षों के समाधान के लिए संवाद तथा कूटनीति के समर्थन की पुष्टि की। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वीवर ने प्रधानमंत्री मोदी को बेल्जियम यात्रा का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं ने आपसी विश्वास, लोकतंत्र, कानून के शासन और शांति, समृद्धि तथा विकास की साझा सोच के आधार पर साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
========================================================================================

 

 

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *