• Fri. Oct 30th, 2026

अरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य और अभिन्न अंग: विदेश मंत्रालय

अरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य और अभिन्न अंग: विदेश मंत्रालय
arunachalpradeshअरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य और अभिन्न अंग: विदेश मंत्रालय
भारत ने दोहराया है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य तथा अभिन्न अंग है और इस निर्विवाद वास्तविकता को कोई नहीं बदल सकता। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और चीन के बीच, सीमावर्ती क्षेत्रों से संबंधित मामलों में भारत ने चीन के साथ चर्चा में हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि वह इन मुद्दों को अत्यंत गंभीर मानता है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रवक्ता ने कहा कि भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए गठित कार्य तंत्र की हाल में आयोजित 36वीं बैठक में भी इस बात को दोहराया गया। इस बैठक में दोनों पक्षों ने खुलकर चर्चा की और वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति की समीक्षा की। भारतीय पक्ष ने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। दोनों पक्ष वास्तविक नियंत्रण रेखा पर लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी तथा गलत अनुमानों से बचने के लिए डब्ल्यूएमसीसी, स्थानीय कमांडर स्तर की बैठकों और अन्य सहमत तंत्रों सहित मौजूदा राजनयिक और सैन्य चैनलों का उपयोग जारी रखने पर सहमत हुए।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में, श्री जायसवाल ने पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू – कश्मीर और पड़ोसी देश के अन्य हिस्सों में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान को उसके कुकर्मों, दुर्व्यवहारों और मानवाधिकारों के घोर उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया।

सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बीच रक्षा समझौते से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में, प्रवक्ता ने कहा कि भारत, पश्चिम एशिया संघर्ष के घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि इस समझौते के संबंध में, भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति तथा स्थिरता दोनों ही दृष्टिकोणों से इसके निहितार्थों का विश्लेषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाएगा।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर की मुलाकात के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि उनकी मुलाकात कल और आज दोनों दिन हुई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष व्यापार, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण मिसाइलों और ऐसे अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी की बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत ने द्विपक्षीय यात्रा के साथ-साथ दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के लिए भी निमंत्रण दिया है।
==========================================================Courtesy=====================================

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *