मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जन-नायक बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया
shivrajsinghchouhan,mpcm,madhyapradesh chiefminister,chiefminister of madhyapradesh,mpnews,madhyapradesh newsमुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज 9 जून को भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास में बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि जनजातियों के अधिकार, स्वाभिमान, स्वतंत्रता, संस्कृति को बचाने के लिए ‘अबुआ दिशुम अबुआ राज’ यानि ‘हमारा देश, हमारा राज’ का नारा देने वाले लोकनायक बिरसा मुंडा के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। वे उलगुलान आंदोलन के प्रणेता थे।
जन-नायक बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवम्बर 1875 को झारखंड के खुटी जिले के उलीहातु गाँव में हुआ। वे हमेशा अपने समाज की ब्रिटिश शासकों द्वारा की गई बुरी दशा को लेकर चिंतित रहते थे। मुंडा जनजाति हैजा, चेचक, सांप के काटने और बाघ के खाए जाने को ईश्वर की मर्जी मानती थी। बिरसा मुंडा उन्हें सिखाते कि बीमारियों से कैसे लड़ा जाता है। अपनी इस सेवा के कारण बिरसा मुंडा अपने क्षेत्र में ‘धरती आबा’ यानी ‘धरती पिता’ हो गए थे। राष्ट्रीय आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाकर देशभक्ति की अलख जगाने वाले ‘धरती आबा’ बिरसा मुंडा को भगवान माना जाने लगा।