आज लद्दाख में लगभग 3350 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
narendramodi,laddhakआज लद्दाख में लगभग 3350 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लद्दाख में लगभग तीन हजार तीन सौ पचास करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को मजबूत करना, ऊर्जा बुनियादी ढांचे में सुधार करना, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना और जल सुरक्षा को बढ़ाना है। वे इस अवसर पर एक सभा को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसे प्रति वर्ष 35 लाख यात्रियों को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
प्रधानमंत्री सीमा सड़क संगठन- बीआरओ द्वारा निर्मित 298 किलोमीटर लंबे निम्मू-पदुम-दारचा सड़क मार्ग का लोकार्पण करेंगे। लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से सुदूर ज़ांस्कर घाटी के माध्यम से जोड़ने वाली यह सड़क लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क गलियारा प्रदान करती है, जिससे श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह मार्गों पर आवागमन और आसान हो जाएगा।
श्री मोदी नौ मेगावाट की हनु लघु जलविद्युत परियोजना और 66 किलोवाट की डबल-सर्किट दाह-हनु-खालत्सी ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से बिजली आपूर्ति का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लद्दाख के विद्युत नेटवर्क की विश्वसनीयता में सुधार आयेगा। श्री मोदी लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और हिम सरोवर परियोजना के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन करेंगे।
==================================================Courtesy===================================
