दिल्ली पुलिस ने कल जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से किया इनकार; 57 मेट्रो स्टेशन कल तक बंद रहेंगे
metrostationदिल्ली पुलिस ने कल जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से किया इनकार; 57 मेट्रो स्टेशन कल तक बंद रहेंगे
दिल्ली पुलिस ने कल जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। दिल्ली पुलिस की संयुक्त आयुक्त नूपुर प्रसाद ने आज नई दिल्ली में कहा कि कहा कि अनुमति न देने का निर्णय नई दिल्ली क्षेत्र में मौजूदा कानून व्यवस्था, जन सुरक्षा और यातायात नियमों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सुश्री प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू है। संयुक्त आयुक्त ने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच सुरक्षा कारणों से आज रात नौ बजे से अगले आदेश तक 57 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा। इन मेट्रो स्टेशनों में राजीव चौक, सेवा तीर्थ, लोक कल्याण मार्ग, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, पटेल चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस और जनपथ शामिल हैं। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर सभी संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं आज रात नौ बजे से कल रात दस बजे तक बंद रहेंगी। इस दौरान दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन और उत्तर प्रदेश के मोदीपुरम स्टेशन के बीच नमो भारत रेल सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में यातायात परामर्श जारी किया है। शंकर रोड-वंदे मातरम ‘टी’ पॉइंट से नई दिल्ली की ओर जाने वाले गोल चक्करों, झंडेवालान, पंचकुइयां मार्ग, मंडी हाउस, अशोक रोड से जंतर मंतर रोड, विंडसर पैलेस और टॉल्स्टॉय मार्ग से जनपथ क्रॉसिंग तक के मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा गया है।
===================================================Courtesy====================================
