• Thu. Mar 28th, 2024

हम विकास कर रहे है तो कांग्रेस नेताओं को हो रही तकलीफ – मुख्यमंत्री

विकास की दृष्टि से अग्रणी क्षेत्र बनेगा चित्रकूट
मुख्यमंत्री की जनसभाओं और रोड़-शो मे उमड़ा जनसैलाब
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार चित्रकूट को प्रदेश का विकसित बना ने के लिए कृत संकल्पित है। इस दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाएं है जिनके अपेक्षित परिणाम भी हासिल हुए हैं। श्री चौहान आज चित्रकूट के मझगंवा में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट क्षेत्र के समग्र विकास के लिए चित्रकूट की जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद दे। उपस्थित जनसैलाब ने मुट्ठी बांधकर दोनों हाथ उठाकर खुशी का इजहार करते हुए भाजपा प्रत्याशी श्री शंकर दयाल त्रिपाठी को समर्थन प्रदान करने का संकल्प अभिव्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आज महतैन, बरौधा सहित एक दर्जन से अधिक गांवो मे जनसभाओं को संबोधित करते हुए रोड़-शो किया।
पिण्डरा,पालदेव में विषाल आमसभाओं को संबोधित मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का विकास से कोई नाता नही है। उल्टा कांग्रेस विकास कार्यो मे अड़गा लगाने का काम करती है। गांव, गरीब, किसान और प्रदेश के नौजवान की चिंता भाजपा सरकार कर रही है। हम विकास कर रहे है तो कांग्रेस नेताओं को तकलीफ हो रही है। कांग्रेस गरीब विरोधी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को अंधेरे में नहीं रहने दिया जाएगा और सरकार की कोशिश है कि प्रदेश विकास की रोशनी से हमेशा रोशन रहे। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश के किसानों की बेहतरी के लिए सरकार की कोशिशों की जानकारी देते हुए भावांतर योजना के बारे में कहा कि फसल के समर्थन मूल्य और कृषि उपज मंडी में बेची गई फसल की राशि में जो अंतर रह जाता है, उसकी पूर्ति राज्य सरकार कर रही है। किसान के चेहरे पर मुस्कान लाना हमारी प्राथमिकता है। सभा में मौजूद युवाओं को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उनके परिवारों की कमजोर आर्थिक स्थिति को मध्यप्रदेश सरकार उनकी शिक्षा-दीक्षा में बाधक नहीं बनने देगी। उन्होंने उच्च शिक्षा ऋण गारंटी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि ऋण की वापसी की गारंटी खुद मध्यप्रदेश सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने पूरी दृढ़ता से कहा कि प्रदेश की जनता उन्हे प्राणों से भी प्यारी है और उसके कल्याण के लिए सरकार ने सतत् प्रयास किए हैं। चित्रकूट की जनता का बेहतर जीवन बनाने का संकल्प साकार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आरोग्य धाम से अपना रोड शो करते हुए चित्रकूट पहुंचे। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर जनता ने पुष्पवर्षा कर अपने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सभाओं के माध्यम से मुख्यमंत्री ने पार्टी प्रत्याशी श्री शंकर दयाल त्रिपाठी को भारी मतों से जिताने की अपील की।
चित्रकूट के समग्र विकास के लिए भाजपा को आशीर्वाद दें
चित्रकूट में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में किसान है। किसानों के खेतों तक पानी पहंुचे, इसकी चिंता हमारी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की गरीबी और पिछड़ेपन को दूर करने के लिए सरकार गंभीर प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सतना जिले को सूखा घोषित कर दिया है। प्रदेश सरकार डेम बनाकर सूखे खेतों तक को पानी पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि आपके वोट में चित्रकूट का भाग्य और भविष्य छिपा है। देश और प्रदेश में कांग्रेस खत्म हो चुकी हैं। अब चित्रकूट की बारी है, 9 नवम्बर को कमल के बटन को दबाकर चित्रकूट को कांग्रेस मुक्त करें।
गोंडवाना गणतंत्र एवं कांग्रेस पार्टी के नेता भाजपा में शामिल
मंझ्गावा में मुख्यमंत्री की सभा में गोडवाना गणतंत्र पार्टी के संभागीय उपाध्यक्ष राजललन सिंह टेकाम एवं कांग्रेस नेता संतकुमार गुप्ता, विनय शुक्ला अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.