• Sat. May 18th, 2024

भाजपा-आईपीएफटी त्रिपुरा में बहुमत की ओर अग्रसर, नागालैंड में सत्तारुढ़ एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन दोबारा सरकार बना सकती है, मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना

भाजपा-आईपीएफटी त्रिपुरा में बहुमत की ओर अग्रसर, नागालैंड में सत्तारुढ़ एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन दोबारा सरकार बना सकती है, मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना
bjp,tripura,meghalaya,nagaland,assemblyelectionREPRESENTATIONAL IMAGE
त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। प्राप्त रूझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी और उसकी सहयोगी आईपीएफटी त्रिपुरा में जीत की ओर बढ़ रहे हैं जबकि नागालैंड में एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन का सत्ता पर बरकरार रहना तय दिख रहा है। मेघालय में विधानसभा चुनाव परिणामों के रूझान त्रिशंकु विधानसभा का संकेत दे रहे हैं, हालांकि एनपीपी अकेली सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है।

त्रिपुरा में सभी 60 सीटों के रूझान मिल गए हैं। सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी- आईपीएफटी गठबंधन 34 सीटों पर आगे है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी-कांग्रेस गठबंधन ने 14 सीटों पर बढ़त बनाई है। तिपरा मोथा के प्रत्याशी 12 सीटों पर आगे है। मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर माणिक साहा बोर्दोवली सीट पर आगे चल रहे हैं।

नागालैंड में सभी साठ सीटों के रूझान मिल गए हैं। सत्तारूढ भाजपा-एनडीपीपी गठबंधन 39 सीटों पर आगे है जबकि नगा पीपल्स फ्रंट 1 सीट पर आगे चल रहा है। अन्य उम्मीदवार 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। अकुलुतो सीट पर भाजपा उम्मीदवार कोजेटो कीनिमी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। त्यूंसांग सदर-1 सीट पर भाजपा उम्मीदवार पी. बाशंगमोंगबा चांग ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनसीपी उम्मीदवार तोयांग चांग को पांच हजार 6 सौ 44 वोटों के अंतर से पराजित किया। त्यूंसांग सदर-2 सीट पर आरपीआई अठावले गुट के इम्तीचोवा निर्वाचित घोषित हुए हैं। नोकसेन विधानसभा सीट पर आरपीआई अठावले गुट के वाई लीमा ओनेन चांग ने एनडीपीपी उम्मीदवार को 188 वोटों से हराया। समातोर चेसोर सीट पर एनडीपीपी के केउसू किमचुंगर ने लोकजन शक्ति पार्टी (रामविलास गुट) के आर तोहनबा को 2 हजार दो सौ 95 मतों के अंतर से पराजित किया। मौजूदा मुख्यमंत्री और एनडीपीपी उम्मीदवार नेफ्यू रियो उत्तरी अंगामी-II विधानसभा सीट पर आगे चल रहे हैं।

मेघालय में सभी 59 विधानसभा सीटों के रूझान प्राप्त हुए हैं। सत्तारूढ नेशनल पीपल्स पार्टी-एनपीपी 26 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी 3 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 5 सीटों पर और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी-यूड़ीपी 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और अन्य उम्मीदवार 15 सीटों पर आगे हैं। नर्तियांग विधानसभा क्षेत्र में एनपीपी उम्मीदवार स्निवाओभलंग धर (Sniawbhalang Dhar) ने कांग्रेस के इमलांग लालू को दो हजार एक सौ 23 वाटों से हराया। मुख्यमंत्री और एनपीपी उम्मीदवार कोनराड संगमा दक्षिण तुरा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं जबकि उप मुख्यमंत्री प्रेस्टोन ताइसोंग पिनउरसला सीट पर आगे हैं। भाजपा उम्मीदवार सेमुअल एम. संगमा बागमरा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य की सोहिओंग सीट पर एक प्रत्याशी के देहांत के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मुकुल संगमा दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। सोंगसाक सीट पर उन्होंने बढ़त बनाई हुई है लेकिन तिकरीकिला सीट पर पीछे चल रहे हैं। पूर्व मंत्री और एनपीपी उम्मीदवार अम्पारिन लिंगडोह पूर्वी शिलांग सीट पर आगे हैं जबकि भाजपा उम्मीदवार सनबोर सुलई दक्षिण शिलांग सीट पर आगे हैं।
=========================Courtesy============
भाजपा-आईपीएफटी त्रिपुरा में बहुमत की ओर अग्रसर, नागालैंड में सत्तारुढ़ एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन दोबारा सरकार बना सकती है, मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना
bjp,tripura,meghalaya,nagaland,assemblyelection

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *