• Fri. Apr 26th, 2024

मुख्यमंत्री ने 127 करोड़ से ज्यादा के 68 निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण

रायपुर , 05 सितम्बर 2016
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शिक्षक दिवस और गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिला मुख्यालय रायगढ़ के नटवर स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 127 करोड़ 25 लाख रुपए के 68 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें लगभग 102 करोड़ 82 लाख रुपए के 59 नये स्वीकृत निर्माण कार्य भी शामिल हैं, जिनका शिलान्यास और भूमिपूजन मुख्यमंत्री के हाथों सम्पन्न हुआ। उन्होंने इस अवसर पर 24 करोड़ 42 लाख के 9 पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में गृह मंत्री श्री रामसेवक पैकरा, नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री श्री अमर अग्रवाल, विधायक श्री रोशन लाल अग्रवाल और जिले के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने आज के कार्यक्रम में जिले के विद्यार्थियों और शिक्षकों को दस करोड़ 05 लाख रूपए के 11 स्कूल भवनों की सौगात दी। उन्होंने इनमें से 09 हायर सेकेण्डरी स्कूल भवनों और दो हाई स्कूल भवनों का भूमिपूजन किया।
डॉ. रमन सिंह के हाथों जिन नये निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास हुआ, उनमें युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए जिला मुख्यालय रायगढ़ में चार करोड़ 21 लाख रूपए की लागत से बनने वाले लाईवलीहुड कॉलेज का भवन भी शामिल है। उन्होंने जिले के विकासखण्ड मुख्यालय तमनार से और घरघोड़ा को जोड़ने वाले लगभग 12 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण से संबंधित कार्य का भी भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इसके निर्माण में करीब 31 करोड़ 32 लाख रूपए की लागत आएगी। डॉ. रमन सिंह ने आई.टी.आई. रायगढ़ के लिए करीब एक करोड़ 87 लाख रूपए की लागत से बनने वाले बालक छात्रावास भवन तथा ग्राम बिंजकोट-मिडमिडा मार्ग पर केलो नदी में आठ करोड़ 62 लाख रूपए की लागत से बनने वाले पुल का भी शिलान्यास किया। उन्होंने विकासखण्ड बरमकेला के ग्राम बोंदा और बरमकेला, इसी विकासखण्ड के ग्राम सांकरा, विकासखण्ड पुसौर के ग्राम ओड़दा, विकासखण्ड सारंगढ़ के ग्राम भेड़वन, विकासखण्ड रायगढ़ के ग्राम कोड़ातराई और जिले के ग्राम हमीरपुर, मिलूपारा तथा ग्राम राबो के लिए शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल भवनों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें से प्रत्येक भवन का निर्माण 95 लाख 35 हजार रूपए की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने लारीपानी और नारायणपुर के लिए हाई स्कूल भवनों का भूमिपूजन किया। इनमें से प्रत्येक की लागत 73 लाख 73 हजार रूपए होगी। राज्य सरकार ने जिले के ग्राम पहन्दा से चोरभट्टी के बीच लिलार नाले पर पुल निर्माण के लिए तीन करोड़ 60 लाख रूपए मंजूर किए हैं। मुख्यमंत्री ने इसका भी भूमिपूजन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जिन पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें दो एनीकट भी शामिल हैं। उन्होंने मिनीमाता बांगो सिंचाई परियोजना के नहर संभाग खरसिया के अंतर्गत दो करोड़ 06 लाख रूपए और ग्राम गोरपार में दो करोड़ 83 लाख रूपए की लागत से निर्मित इन दोनों एनीकटों का आज के कार्यक्रम में लोकार्पण किया।
डॉ. रमन सिंह ने जिला जेल परिसर रायगढ़ में 300 बंदियों के लिए चार करोड़ 25 लाख रूपए की लागत से निर्मित बैरक तथा जेल कर्मचारियों के लिए एक करोड़ 51 लाख रूपए की लागत से निर्मित 16 मकानों का भी लोकार्पण किया। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में ग्राम ससकोबा-गनपतपुर मार्ग पर और ग्राम रैरूमा-भालूपखना मार्ग पर मांड नदी में दो पुलों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इन पर लगभग पांच करोड़ 77 लाख रूपए की लागत आई है। मुख्यमंत्री ने इनका भी लोकार्पण किया। जिला मुख्यालय रायगढ़ में 62 लाख 17 हजार रूपए की लागत से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र का भवन पूर्ण हो चुका है। मुख्यमंत्री ने आज यह भवन लोकार्पित किया।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.