• Thu. Apr 25th, 2024

रायपुर : रायपुर दूरदर्शन में डीटीएच सेवा शुरू करने मुख्यमंत्री की पहल : डॉ. रमन सिंह ने श्री वेंकैया नायडू से फोन पर किया विचार-विमर्श

रायपुर, 13 अगस्त 2016
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केन्द्र में डायरेक्ट टू होम (डीटीएच) प्रसारण सेवा शुरू करने के लिए आज केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण और शहरी विकास मंत्री श्री वेंकैया नायडू से टेलीफोन पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने श्री नायडू को बताया कि छत्तीसगढ़ की जनता की यह काफी पुरानी मांग है। डीटीएच प्रसारण सेवा शुरू होने पर अन्य चैनलों की तरह रायपुर दूरदर्शन के कार्यक्रम भी पूरे देश में देखे जा सकेंगे। छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और राज्य की विकास गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर कव्हरेज मिल सकेगा। श्री नायडू ने मुख्यमंत्री को इस संबंध में त्वरित पहल करने का आश्वासन दिया। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस के संदेश रिकार्डिंग के लिए रायपुर दूरदर्शन केन्द्र आए थे, जहां उन्होंने उपलब्ध प्रसारण सुविधाओं के बारे में दूरदर्शन के अधिकारियों से जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में रायपुर दूरदर्शन केन्द्र से केवल चार घण्टे के कार्यक्रम अपरान्ह तीन बजे से शाम सात बजे तक प्रसारित होते हैं। यहां डीटीएच सेवा शुरू होने पर न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि देश भर के अन्य सभी केबल ऑपरेटरों के लिए भी रायपुर के कार्यक्रमों का प्रसारण करना अनिवार्य हो जाएगा। इसके अलावा डिशएंटिना से भी रायपुर का प्रसारण देखा जा सकेगा। इसके साथ ही रायपुर दूरदर्शन चौबीसों घण्टे प्रसारण की क्षमता भी हासिल कर लेगा। छत्तीसगढ़ में इस समय रायपुर, जगदलपुर और अम्बिकापुर के दूरदर्शन केन्द्रों सहित कुल चौबीस प्रसारण तथा रिले केन्द्र संचालित हो रहे हैं।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published.