• Sat. May 18th, 2024

पर्यटन के क्षेत्र मे विन्ध्य की अनूठी पहचान बनेगी – राजेन्द्र शुक्ल

सतना | 18-जून-2016
प्रदेश के ऊर्जा एवं खनिज साधन जनसंपर्क मंत्री तथा सतना जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य की वर्षो पुरानी पहचान व्हाईट टाईगर सफारी में वापस होने पर लोग उत्साहपूर्वक पर्यटन के लिये मुकुन्दपुर आ रहे है। उन्होने कहा कि प्राकृतिक संसाधनो को विकसित करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। विन्ध्य क्षेत्र के वाणसागर के टापू मार्कण्डेय आश्रम सहित अन्य प्राकृतिक स्थलो को विकसित कर पर्यटन सर्किट में लाने का प्रयास किया जायेगा ताकि पर्यटन के क्षेत्र मे विन्ध्य की अनूठी पहचान स्थापित हो सकें। प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल शनिवार को म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय से स्वीकृत वाईल्ड लाईफ सर्किट मुकुन्दपुर के विकास कार्यो के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप मे जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह सहित जिला पंचायत सदस्य उमेश प्रताप सिंह, जनपद उपाध्यक्ष देवेन्द्र पाण्डेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विक्रमादित्य सिंह, प्रदीप सिंह पटना, राजेश पाण्डेय, वन संरक्षक आर.बी.शर्मा, व्हाईट टाईगर सफारी के संचालक के.पी.सिंह भी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि पर्यटन का क्षेत्र ब्रांडिग के आधार पर ही आगे बढता है। उन्होने कहा कि मुकुन्दपुर व्हाईट टाईगर सफारी के साथ पर्यटन विकास निगम का वाईल्ड लाईफ सर्किट बनने से टूरिज्म विभाग भी ब्रांडिग की एजेंसी बनेगी। उन्होने बताया कि सभी नेशनल पार्क को भारत सरकार द्वारा वाईल्ड लाईफ सर्किट योजना के तहत राशि स्वीकृत की गई है। इसी कड़ी मे मुकुन्दपुर व्हाईट टाईगर सफारी को भी साढे छै करोड रूपये की राशि मिली है। उन्होने कहा कि 600 हेक्टेयर के इस सफारी के जंगल में जंगल वाक के लिये वाकिंग टैक भी विकसित किया जायेगा तथा जंगल को घना करके पेडो के बीच वाकिंग स्ट्रीट और ट्री हाउस जैसी संरचनाए भी बनाई जायेगी। उन्होने बताया कि मुकुन्दपुर व्हाईट टाईगर सफारी मे आने वाले सभी व्यक्तियो ने इसकी सराहना की है। इस सफारी में अमूमन सामान्य दिनो मे 60 हजार और रविवार के दिन 1 लाख 85 हजार रूपये की आमदनी पर्यटको से हो रही है। लोकार्पण से अब तक यहां आने वाले दर्शको से लगभग 47 लाख रूपये की आय हो चुकी है।
प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र मे सोन और नर्मदा के जल से हरित क्रांति तथा स्किल डेव्हलपमेन्ट और छोटे-छोटे उद्योगो से औद्योगिक क्रांति तथा व्हाईट टाईगर सफारी और वाणसागर से पर्यटन की क्रांति आयेगी। उन्होने कहा कि वाणसागर मे उभरे हुये टापू को विकसित कर हनुमंतिया की तर्ज पर पर्यटन स्थल बनाया जा सकता है। वहीं मार्कण्डेय आश्रम से इन टापूओ तक का सफर तय करने क्रूज का उपयोग भी किया जा सकता है। उन्होने कहा कि वाईल्ड लाईफ सर्किट मुकुन्दपुर के विकास कार्य 1 करोड 20 लाख रूपये की लागत से तय सीमा मे पूर्ण कराये जायेगें। प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने सतना सांसद गणेश सिंह द्वारा जू मे भ्रमण के लिये आवश्यकतानुसार 11 लाख 40 हजार रूपये लागत की 13 सीटर बस उपलब्ध कराये जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होने बताया कि सांसद रीवा जर्नादन मिश्रा द्वारा भी दो गोल्फ कार्ट के लिये राशि स्वीकृत करने की सहमति दी गई है।
विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि अंचल के विकास मे कैफेटेरिया के रूप मे एक और कडी जुड रही है। व्हाईट टाईगर सफारी वन्य प्राणियो के संरक्षण संर्वद्धन के बेहतर प्रबंधन का बेहद सराहनीय प्रयास है। उन्होने कहा कि पर्यटन का सेवा क्षेत्र सबसे बडा रोजगार उपलब्ध कराने का साधन है इससे देश की जी.डी.पी. भी बढती है। उन्होने कहा कि वन पर्यटन ईको पर्यटन और धार्मिक पर्यटनो को जोडकर सम्मिलित सर्किट बनाया जाना चाहिये। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने मार्कण्डेय आश्रम को भी विकसित करने का प्रयास किया है। उन्होने सडक और दो बडे पुल भी बनवाये है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि देवराजनगर के पास गिधैला और इनैला दो पर्वत है जिन्हे गिद्धो के प्रजनन का केन्द्र भी बनाया जा सकता है। उन्होने कहा कि वाणसागर मे उभरे हुये दो टापूओ को हनुमंतिया की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा सतना जिले की मुकुन्दपुर को दी गई व्हाईट टाईगर सफारी की सौगात के लिये आभार भी व्यक्त किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह ने कहा कि प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल के प्रयासो से सतना के मुकुन्दपुर को व्हाईट टाईगर सफारी के रूप में पर्यटन के क्षेत्र में बडी सौगात मिली है। भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत स्वीकृत वाईल्ड लाईफ सर्किट के कार्यो से क्षेत्र का पर्यटन और भी बढेगा तथा विदेशी पर्यटको के आगमन और पर्यटन के लिहाज से मुकुन्दपुर महत्वपूर्ण स्थान बनेगा। कार्यक्रम के पूर्व में प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल और विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने विधिवत् पूजन एवं शिलापट्टिका का अनावरण कर विकास कार्यो का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के.राय ने बताया कि पर्यटन विस्तार की श्रृंखला में स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वीकृत वाईल्ड लाईफ सर्किट के विकास कार्य 1 करोड 20 लाख रूपये की लागत से कराये जायेगें। इनमें 60 लाख रूपये की लागत से कैफेटेरिया कम प्रशिक्षण केन्द्र के निर्माण के अलावा पार्किग एरिया कैम्पिग साईट का निर्माण होगा और वन विभाग द्वारा फारेस्ट वाकिंग ट्रेक कैनोपी वाक मचान आदि का निर्माण किया जायेगा।

aum

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *